PM Surya Ghar Yojana पीएम सूर्य घर योजना से 7.7 लाख घरों का बिजली बिल शून्य, सोलर से बदली तस्वीर
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देश में आम लोगों की बिजली जरूरतों को लेकर बड़ा बदलाव लेकर आई है. इस योजना के तहत अब तक 7.7 लाख से अधिक घरों का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो चुका है. घरों की छतों पर सोलर पैनल लगने से न सिर्फ बिजली खर्च कम हुआ है, बल्कि लोग स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की ओर भी बढ़ रहे हैं. नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, यह योजना लोगों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ देश को हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ा रही है.

स्वच्छ ऊर्जा की ओर मजबूत कदम
फरवरी 2024 में शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ बिजली उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही यह योजना बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने में भी मदद कर रही है. सरकार का मानना है कि रूफटॉप सोलर से न सिर्फ परिवारों का मासिक बजट सुधरेगा, बल्कि देश की ऊर्जा जरूरतों में भी आत्मनिर्भरता बढ़ेगी.
आंकड़ों में योजना की सफलता
राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर तक देशभर में 19,45,758 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं. इनसे 24,35,196 परिवारों को सीधा लाभ मिला है. इनमें से लाखों परिवार ऐसे हैं, जिनका बिजली बिल अब पूरी तरह खत्म हो चुका है. सरकार ने वित्त वर्ष 2026–27 तक एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए 75,021 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है.
गुजरात आगे, आसान लोन से बढ़ी भागीदारी
इस योजना में गुजरात सबसे आगे निकलकर सामने आया है. राज्य में अब तक 4.93 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे 7.10 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा हुआ है. इनमें से 3.62 लाख घरों का बिजली बिल शून्य हो गया है. गुजरात के अलावा आंध्र प्रदेश, असम और हरियाणा में भी योजना तेजी से आगे बढ़ रही है. सरकार सोलर सिस्टम लगवाने के लिए 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी का सस्ता लोन भी उपलब्ध करा रही है, जिससे आम लोगों के लिए सोलर अपनाना और आसान हो गया है.